Acn18. Com कोरबा.गांव में कार्बन फैक्ट्री लगाने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्राम पंचायत कुकरीचोली में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने फैक्ट्री स्थापना के प्रस्ताव का विरोध करते हुए NOC देने से साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों की एकजुटता के चलते फैक्ट्री के पक्ष में अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
दरअसल, 16 नवंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित ग्रामसभा में प्रस्तावित कार्बन फैक्ट्री की स्थापना का मुद्दा रखा गया था। इस दौरान ग्रामीणों के सामने NOC देने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए इसका विरोध किया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने हस्ताक्षर के जरिए भी अपनी असहमति दर्ज कराई। ग्रामसभा की कार्यवाही में हस्ताक्षरयुक्त सूची तैयार कर NOC नहीं देने का निर्णय लिया गया। अब देखना होगा कि ग्रामसभा के इस फैसले और ग्रामीणों की आपत्तियों के बाद संबंधित विभाग और फैक्ट्री प्रबंधन आगे क्या कदम उठाते हैं।
फिलहाल कुकरीचोली में कार्बन फैक्ट्री की स्थापना को लेकर ग्रामीणों का विरोध साफ तौर पर सामने आ गया है।





