

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर से इस बार दीपावली की एक खास तस्वीर सामने आने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाएंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री के इस फैसले से जवानों के बीच भी उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री मोदी के बस्तर दौरे को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
दिवाली पर रायपुर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़
वहीं दीपावली के पर्व को लेकर राजधानी रायपुर में उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर बाजारों तक रौनक देखने को मिल रही है। लोग लक्ष्मी पूजन की तैयारियों में जुटे हैं। कोई घरों को सजाने के लिए फूलों की खरीदारी कर रहा है, तो कोई पूजन सामग्री जुटाने में लगा है। इसी बीच दीपावली के अवसर पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके चलते शहर की मांस-मटन की दुकानें बंद रहेंगी। होटल और रेस्टोरेंट में भी नॉनवेज परोसने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फूल बाजार में उमड़ी भीड़, दोगुने हुए दाम
दीपावली के मौके पर फूल बाजार में भी रौनक देखते ही बन रही है। सुबह से ही फूलों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। घरों और मंदिरों को सजाने के साथ लक्ष्मी पूजन के लिए लोग बड़ी संख्या में फूल खरीद रहे हैं। हालांकि, त्योहार की मांग बढ़ने के साथ फूलों की कीमतों में भी करीब दोगुना उछाल आया है।
महंगे फूलों के बावजूद बाजार में दीपावली की रौनक
बाजार में एक गुलाब की कीमत 40 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि गेंदे के फूलों की एक लड़ी 60 रुपये में बिक रही है। कीमत बढ़ने के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं आई है। महंगे दामों पर भी लोग अपनी जरूरत और आस्था के अनुसार फूलों की खरीदारी कर रहे हैं। दीपावली की रौनक से पूरा बाजार गुलजार नजर आ रहा है





