Home KORBA मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित : रायगढ़ में जलभराव, जशपुर में तेज...

मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित : रायगढ़ में जलभराव, जशपुर में तेज बहाव से बिगड़े हालात

0
9

 

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि जशपुर के बगीचा में तेज बहाव में बाइक सवार बह गया और नदी का पानी दुकानों तक पहुंच गया।

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब कई जिलों में दिखाई देने लगा है। रायगढ़ और जशपुर में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया। एक ओर रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई, तो दूसरी ओर जशपुर के बगीचा क्षेत्र में तेज बहाव और नदी का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर नुकसान की स्थिति बन गई।

 

 

रायगढ़ में जलभराव से लोगों की बढ़ी परेशानी

रायगढ़ शहर में देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण केलो विहार, चंद्र नगर कॉलोनी समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। जाम नालियों के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा, जिससे सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी और नालियों की सफाई कराने की मांग की है।

 

 

 

जशपुर के बगीचा में तेज बहाव में बहा बाइक सवार

जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मुख्य मार्ग पर तेज बहाव के बीच एक बाइक सवार पानी में बह गया। हालांकि बाइक फंस जाने के कारण उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के चलते बगीचा की दोड़की नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे नदी का पानी शराब दुकान और उससे लगे अहाते में घुस गया। पानी भरने से दुकान संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है।

 

 

 

नाले पर कब्जे का आरोप, जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दोड़की नदी के नाले पर अतिक्रमण होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिसके कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बनती है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने और स्थायी समाधान की मांग की है।