Acn18. Com.कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में धान के खेत में नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप मच गया। देर रात ग्राम जवाली-अभयपुर के पास खेत में बच्ची के मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान के खेत में नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।बताया जा रहा है कि देर रात खेत में नवजात बच्ची मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सत्यम साहू के निर्देश पर पुलिस बच्ची को खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।कटघोरा CHC की BMO डॉ. रश्मि सिंह के मुताबिक, बच्ची को सुबह करीब 4 बजकर 10 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की सांस तेज चलने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।खास बात यह है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात मिलने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





