Home छत्तीसगढ़ महामाया पहाड़ पर मिले कंकाल मामले में नया मोड़, परिजनों ने बताया...

महामाया पहाड़ पर मिले कंकाल मामले में नया मोड़, परिजनों ने बताया लापता युवक का शव; DNA जांच की मांग तेज

0
4

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पहाड़ पर पेड़ से मिले कंकाल के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस कंकाल को पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर युवती का मानते हुए दफना दिया था, अब उस पर मृतक के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि यह कंकाल उनके लापता युवक का है, जो करीब एक सप्ताह पहले घर से नाराज होकर निकला था और तब से लापता था।

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

परिजनों का आरोप है कि युवक के लापता होने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इतना ही नहीं, पुलिस ने उन्हें मामले से जुड़ी सही जानकारी भी नहीं दी। अब कंकाल मिलने के बाद परिवार का कहना है कि पुलिस ने बिना सही पहचान किए उसे युवती का मानकर दफना दिया।

कंकाल सौंपने और निष्पक्ष जांच की मांग

परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि कंकाल को निकालकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए। उन्होंने मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

पुलिस बोली- DNA टेस्ट से होगी पहचान

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि कंकाल की वास्तविक पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से कराई जाएगी। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंकाल किसका है। पुलिस ने कहा है कि वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई

मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।