Home Astrology पटाखे जैसी आवाज वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पटाखे जैसी आवाज वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
39

पटाखे जैसी आवाज वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। प्रदेश की सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट मोटरसाइकिल का चलन एक बार फिर बढ़ गया है। न्यायधानी बिलासपुर में ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड सायलेंसर के साथ नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले युवकों पर लगाम कसते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बुलेट मोटरसाइकिलों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन वाहन जांच की। जांच के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिलों को चिन्हित किया गया, जिनमें अवैध रूप से मॉडिफाइड सायलेंसर लगाए गए थे और जो बिना नंबर प्लेट सार्वजनिक मार्गों पर दौड़ रही थीं।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि कई युवक जानबूझकर बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर अत्यधिक तेज और धमाके जैसी आवाज निकाल रहे हैं। इससे आम राहगीरों के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और अस्पतालों के आसपास रहने वाले मरीजों को गंभीर परेशानी हो रही है। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और एकसाथ पूरे जिले में कार्रवाई शुरू की।

इस अभियान के दौरान थाना-वार निम्नानुसार कार्यवाही की गई—

थाना सिविल लाईन क्षेत्र से 10 बुलेट मोटरसाइकिलों पर,
थाना सरकण्डा क्षेत्र से 07 बुलेट मोटरसाइकिलों पर,
थाना तारबहार क्षेत्र से 02 बुलेट मोटरसाइकिलों पर,
थाना सकरी क्षेत्र से 01 बुलेट मोटरसाइकिल पर,
थाना तोरवा क्षेत्र से 02 बुलेट मोटरसाइकिलों पर तथा
थाना कोतवाली क्षेत्र से 02 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्यवाही की गई।

इस दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहनों को मौके पर जप्त किया गया, जबकि मॉडिफाइड सायलेंसर लगी बाइकों के अवैध सायलेंसर उतरवाकर जब्त किए गए।

पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील

बिलासपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, मॉडिफाइड सायलेंसर लगाना एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाना दंडनीय अपराध है। भविष्य में भी इस प्रकार के उल्लंघन पर जिले भर में निरंतर एवं सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।