Home छत्तीसगढ़ कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलटा,...

कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलटा, ऑपरेटर घायल

0
5

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां कोयला फेस पर डंपिंग के दौरान 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर ऑपरेटर राघवेंद्र को चोटें आई हैं। घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर लेकर कोयला फेस में डंपिंग करने पहुंचा था। इसी दौरान डंपर फिसलकर नीचे जा गिरा और अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि पलटी खाने के बाद डंपर दोबारा सीधा हो गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ। घटना के बाद घायल ऑपरेटर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय कर्मचारियों में इस हादसे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिससे मजदूरों और ऑपरेटरों की जान जोखिम में पड़ रही है।

फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।