
कोरबा।पाली थाना अंतर्गत ग्राम हर्राडीह में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय समारिन बाई धनवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके बेटे 45 वर्षीय हेतराम और बहू 40 वर्षीय प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक संदेही को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतिका का परिजन बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे हर्राडीह निवासी समारिन बाई अपने बेटे हेतराम और बहू प्रमिला के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा और तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में समारिन बाई को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेतराम और प्रमिला लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गांव में घटना की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत 112 और पाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल हेतराम और प्रमिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदेह के आधार पर मृतिका के एक परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पारिवारिक विवाद को वजह माना जा रहा है।
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि गांव तक अब तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। शव और घायलों को खाट और लकड़ी के सहारे करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाया गया, तब जाकर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आज तक सड़क नहीं बन पाई है। प्रसव, दुर्घटना या इस तरह की गंभीर घटना होने पर मरीजों को कंधे पर या खटिया में डालकर रोड तक ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार जान भी चली जाती है।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से गांव तक जल्द सड़क और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






