कोरबा .कोरबा रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां प्लेटफार्म नंबर एक के यार्ड में दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग कर रहे एक मजदूर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे के सी एंड डब्ल्यू (कैरिज एंड वेगन) विभाग द्वारा दुर्घटना राहत वैन को पेंट कराने का काम पिछले एक सप्ताह से चल रहा था। इस काम का ठेका एक लोकल पेटी ठेकेदार को दिया गया था, जिसने यह कार्य स्टेशन के पास बस्ती में रहने वाले कुछ युवकों को सौंपा था। सोमवार शाम लगभग 4 बजे, जब मजदूर श्याम चौहान (उम्र लगभग 25 वर्ष) दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।




