प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोरबा शहर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। योजना के अंतर्गत कोरबा नगर निगम को 40 ईवी बसें प्रदाय की जाएंगी।
इस संबंध में रायपुर में आयोजित कन्सेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय की उपस्थिति में एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन पर निर्भरता घटेगी और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण को बढ़ावा मिलेगा।
औद्योगिक नगरी कोरबा के लिए यह पहल विशेष महत्व रखती है। आधुनिक बसों के आने से शहर की परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि वोरा, नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक श्री निलेश क्षीरसागर सहित नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय उपस्थित रहे।
पीएम ई-बस सेवा योजना से कोरबा के शहरी विकास और स्वच्छ परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है।





