जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौमांस, मोटरसाइकिल, मांस काटने के औजार और नकदी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैगाबहार में गौवंश का वध कर मांस रखा गया है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही कोतबा पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया।
55 किलो गौमांस, बाइक और औजार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 55 किलो संदिग्ध गौमांस, एक हीरो मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी तथा कथित तौर पर मांस की बिक्री से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।





