बिलासपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ईरान की महिला कबड्डी टीम को शिकस्त देकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। जीत के बाद भारतीय टीम की होनहार खिलाड़ी संजू देवी मंगलवार को बिलासपुर कलेक्टर से मुलाकात करने पहुंचीं।
इस दौरान संजू देवी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कबड्डी का सबसे बड़ा मंच एशियन गेम्स है और यहां से गोल्ड मेडल जीतकर देश लौटना किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। कबड्डी वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रह चुकीं संजू देवी ने जापान के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि जापान में अनुशासन और समय की महत्ता को बेहद करीब से समझने का मौका मिला। पूरी टीम ने एकजुट होकर पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
जिसका नतीजा गोल्ड मेडल के रूप में सामने आया। संजू देवी ने बताया कि, वतन वापसी के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे मुलाकात कर जीत की बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया। अपनी सफलता का श्रेय संजू देवी ने अपने माता-पिता, कोच और देशवासियों को दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग और समर्थन के बिना वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं।





