छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के चलते स्कूलों की 2 दिन की छुट्टी को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है।
। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। बारिश के कारण बच्चों को होने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दो दिनों तक स्कूलों में छुट्टी को लेकर बड़ा बयान दिया है।छत्तीसगढ़ समाचार
बच्चों की सेहत को प्राथमिकता
लगातार बारिश के चलते बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। साथ ही बारिश और खराब मौसम का असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने दो दिनों की छुट्टी को लेकर निर्णय लिया है। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को आदेश भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
पेंड्रा में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर
वहीं पेंड्रा जिले में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखाई देने लगा है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने और सूरज की आंख-मिचौली के बाद बुधवार दोपहर जिले में तेज बारिश शुरू हो गई। देर रात से ही मौसम में ठंडक महसूस की जाने लगी थी। वहीं, दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
बारिश और गिरते तापमान को लेकर जिले में यलो अलर्ट जारी
अचानक बदले मौसम के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने की संभावना है। मौसम में आई ठंडक के चलते सर्दी, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि, बारिश और तापमान में गिरावट को लेकर मौसम विभाग के द्वारा जिले को यलो अलर्ट में रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में ठंड और बढ़ने की आशंका है।
3 दिन अति भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
वहीं बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए जिले में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28, 29 और 30 अक्टूबर 2026 को जिले में कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जनहानि, पशुहानि और फसलों को नुकसान से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नागरिक जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
आपदा नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर-
जिला कार्यालय: 07751-221004
तहसील पेंड्रारोड: 91312-47975
तहसील पेंड्रा: 87700-74001
तहसील सकोला: 73549-79495
तहसील मरवाही: 62655-93616
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि, खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें





