बिलासपुर। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से हेरोइन लाकर बेचने वाले अंतरराज्यीय तस्करी गैंग का पर्दाफाश किया है। Torwa Police Station की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97 ग्राम हेरोइन, एक कार, स्कूटी, 5 मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन को “केसर बादाम” के डिब्बों में छिपाकर बिलासपुर लाए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक पंजाब के अमृतसर और तीन आरोपी मुंगेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ग्राहकों की तलाश कर रहे थे, तभी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।


