सूरजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत सूरजपुर जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जिले के भैयाथान, भटगांव, लटोरी और बिश्रामपुर क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान सैकड़ों फीट लंबे तिरंगे के साथ लोग देशभक्ति के नारों के बीच आगे बढ़े। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
स्कूटी चलाती नजर आईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े खुद स्कूटी चलाती हुई नजर आईं। उनके नेतृत्व में निकली यात्रा में युवाओं, स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। आयोजन का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।






