Acn18. Com जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान.जांजगीर-चांपा के वीर सपूत और CRPF के शहीद जवान ललित कुमार की 17वीं पुण्यतिथि पर आज पूरा शहर भावुक नजर आया। दीनदयाल कॉलोनी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
शहीद स्मारक पर “शहीद ललित कुमार अमर रहे” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, ललित कुमार तेरा नाम रहेगा” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
CRPF की 201 कोबरा बटालियन में HC/GD के पद पर तैनात ललित कुमार 17 सितंबर 2009 को दंतेवाड़ा के किस्टाराम में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे।
17वीं पुण्यतिथि पर शहीद के माता-पिता और परिवारजनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। बिलासपुर ग्रुप सेंटर CRPF की ओर से सहायक कमांडेंट अमरकांत कुमार ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को सलामी दी।
शहीद की धर्मपत्नी सावित्री देवी पति को याद कर भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि पति को खोने का दुख हमेशा रहेगा, लेकिन देश के लिए उनके बलिदान पर गर्व है।
इस दौरान शहीद की धर्मपत्नी को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीद ललित कुमार को श्रद्धांजलि दी गई।









