Home Uncategorized तुंहर टोकन’ ऐप से मिली सुविधा, धान खरीदी प्रक्रिया से खुश किसान...

तुंहर टोकन’ ऐप से मिली सुविधा, धान खरीदी प्रक्रिया से खुश किसान ईश्वर चंद्राकर

0
115

3100 रुपये समर्थन मूल्य और पारदर्शी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर, 17 नवंबर 2025

समर्थन मूल्य पर सुगमता और पारदर्शिता के साथ चल रही धान खरीदी से किसान बेहद संतुष्ट हैं। बालोद जिले के धान उपार्जन केंद्र भीमकन्हार में अपने धान का विक्रय करने पहुंचे ग्राम मुड़खुसरा के किसान श्री ईश्वर चंद्राकर ने धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान बेचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

श्री चंद्राकर ने कहा कि ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप ने प्रक्रिया को आसान बना दिया है। वे घर बैठे ही धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सके और खरीदी के प्रथम व दूसरे दिन दोनों ही दिन आसानी से धान बेच पाए। लगभग 32 एकड़ में धान की खेती करने वाले किसान ईश्वर ने बताया कि पहले अधिक उपज होने के कारण विक्रय को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से सारी प्रक्रिया सहज हो गई है।

उपार्जन केंद्र भीमकन्हार में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, बैठक व्यवस्था, बारदाना, हमाल, तौल मशीन आदि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही।

किसान ईश्वर चंद्राकर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की प्रशंसा करते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी से कृषि कार्य अब अधिक लाभदायक हो गया है। उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई आय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्होंने कृषि कार्य से प्राप्त राशि से अतिरिक्त 2 एकड़ भूमि भी खरीदी है।

अंत में किसान ईश्वर ने किसान हितैषी योजनाओं के बेहतर संचालन और लाभप्रद व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।