Home KORBA आबकारी मंत्री ने की समीक्षा : अफसरों से पूछा- कर्मचारी घूस लेकर...

आबकारी मंत्री ने की समीक्षा : अफसरों से पूछा- कर्मचारी घूस लेकर अवैध शराब को बढ़ावा तो नहीं दे रहे

0
7

 

छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री लखन देवांगन ने विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अफसरों से पूछा कि, कहीं विभाग में घूसखोरी तो नहीं चल रही।

 

मंत्री लखन लाल देवांगन ने आबकारी विभागीय कार्यों की समीक्षा की

 

 

रायपुर। प्रदेश के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने आबकारी आयुक्त कार्यालय में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आगामी महीनों के लिए जिलेवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 

 

CCTV कैमरे चालू रखने के निर्देश

 

 

इस अवसर पर आबकारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ठोस रणनीति अपनाने, दुकानवार समीक्षा करने और अनुशासन के साथ कार्य संपादन के निर्देश दिए। आबकारी मंत्री ने राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों की मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने और सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन की निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कोचियों के खिलाफ हार्रवाई हो

उन्होंने जिला अधिकारियों से कहा, मदिरा के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर कोचियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करें। सभी जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें आबकारी उपनिरीक्षक एवं नीचे का अमला अवैध शराब बिक्री करने वाले के विरूद्ध समझौता न करें। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के दौरान कई जगहों पर अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें आने के बाद विभाग ने इसकी समीक्षा की।

 

 

मांग के अनुरूप स्टॉक पर दें ध्यान

इसके अलावा विभाग में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा, मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार मदिरा स्टाक का संधारण सुनिश्चित करें। मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं के मांग के अनुरूप मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो।

 

 

अनुशासन से चलें दुकानें

उन्होंने अधिकारियों से कहा, मदिरा दुकानों में नियम और अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। दुकानों में उपलब्ध मदिरा को नियमानुसार दरों सहित रैकों में प्रदर्शित करने कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शिता और सुविधा मिल सके।

 

लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों पर दें ध्यान

मंत्री ने बैठक में राजस्व लक्ष्य की जिलेवार समीक्षा करते हुए जिन जिलों ने अब तक लक्ष्य की प्राप्ति की है, उन्हें सतत् कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को इसके कारणों की दुकानवार समीक्षा कर कमी की पूर्ति हेतु विस्तृत कार्य-योजना बनाकर तत्परता से अमल में लाने के निर्देश दिए गए।

 

कैशलेस भुगतान के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को इस बात की स्पष्ट हिदायत दी कि, मदिरा में किसी प्रकार की मिलावट न होने पाए। इसके लिए सभी जिला अधिकारियों को समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने और वहां पाई गई अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई और दोषी कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, दुकानों में पेटीएम या अन्य कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।

 

बार, क्लबों, होटलों और ढाबों की करें जांच

आबकारी सचिव श्रीमती कंगाले ने प्रदेश में संचालित बारों, क्लबों, होटलों और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा समय पश्चात संचालन अथवा अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मदिरा एवं अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, तस्करी और विक्रय पर सख्त नियंत्रण रखने हेतु आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से सहयोग लेने के निर्देश दिए गए