Home Astrology छत्तीसगढ़ के सुकमा में 17 नक्सलियों का एनकाउंटर:इनमें 11 महिलाएं; 12 साल...

छत्तीसगढ़ के सुकमा में 17 नक्सलियों का एनकाउंटर:इनमें 11 महिलाएं; 12 साल पहले झीरम घाटी कांड में शामिल कमांडर भी मारा गया

0
124

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF के 500-600 जवानों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें 11 महिला नक्सली हैं। मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में हुई।

मारे गए नक्सलियों में नक्सल संगठन SZCM- स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर जगदीश उर्फ बुधरा भी शामिल है। बुधरा पर 25 लाख का इनाम घोषित था। वह दरभा घाटी के झीरम कांड में शामिल था। 2013 में हुई इस वारदात में कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा समेत कई बड़े कांग्रेसी लीडर मारे गए थे।

इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ ​​सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने इस साल अब तक 100 नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। इसमें 20 मार्च से 29 मार्च के बीच, यानी 10 दिन में ही 49 नक्सली मारे गए हैं।

17 नक्सलियों के शव बरामद

DIG कमलोचन कश्यप ने बताया कि 17 नक्सलियों के शवों के साथ इंसास, SLR जैसे ऑटोमेटिक वेपंस भी बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में कई बड़े कैडर्स भी हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।

मुठभेड़ में DRG के 3 और CRPF का एक जवान भी घायल हुए। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। DIG ने बताया कि ऑपरेशन खत्म हो चुका है। DRG के जवान नक्सलियों के शवों को कंधे पर लादकर करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर जंगल से लौट आए हैं।