Acn18. Com.कोरबा के कुदमुरा रेंज के जिलगा जंगल में हाथी ने एक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी को जंगल से भगाने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बना लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह घटना हुई, वहां हाथी दल के बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर भी मौजूद थे।जानकारी के मुताबिक, जिलगा जंगल में हाथी की मौजूदगी के बीच ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर उसे भगाने पहुंच गए। इसी दौरान हाथी आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके आदेश या अनुमति से ग्रामीणों को ट्रैक्टर लेकर हाथी को भगाने के लिए भेजा गया? जब मौके पर वन विभाग के जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद थे, तो ग्रामीणों की जान जोखिम में डालने की नौबत क्यों आई? इस पूरे मामले में वन विभाग की भूमिका और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।





