कोरबा जिले में सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच रामपुर से लगे डेंगूनाला बस्ती में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नाला पार करते समय 60 वर्षीय बुजुर्ग तेज बहाव में बह गए, जिससे उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।
*भीख मांगकर घर लौट रहे थे पति-पत्नी*
जानकारी के अनुसार रामपुर बस्ती निवासी *गोरे लाल उम्र 60 वर्ष* और उनकी पत्नी *जान बाई उम्र 58 वर्ष* बालको बस्ती में भीख मांगकर घर लौट रहे थे। घर आने के लिए वे पास के रास्ते से डेंगूनाला पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पति गोरे लाल तेज बहाव में आगे बह गए। पत्नी जान बाई ने हिम्मत दिखाकर किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। नाले किनारे मौजूद लोगों ने गोरे लाल को पानी से बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
*परिवार में कोहराम, बेटी कर रही पढ़ाई*
गोरे लाल और जान बाई आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे। मृतक की एक बेटी है जो पढ़ाई कर रही है। पति की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
*पुलिस ने शुरू की कार्रवाई*
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
*प्रशासन की अपील*
जिले में सुबह से हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह जलभराव की स्थिति बनी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नाले, नदी पार न करें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।





