Home Uncategorized जल संसाधन विभाग के ईई विजय जामनिक को एक बार फिर किया...

जल संसाधन विभाग के ईई विजय जामनिक को एक बार फिर किया गया निलंबित, ठेकेदार को गलत तरीके से पहुँचाया लाभ  

0
44

 

Acn18.com रायपुर। राज्य शासन ने जशपुर जिले में पदस्थ सिंचाई विभाग के ईई विजय जामनिक को सस्पेंड कर दिया है। उन पर सुसडेगा व्यपवर्तन योजना में काम कर रहे ठेकेदार की सुरक्षा निधि की राशि पूर्णता प्रमाण पत्र जारी होने से पहले ही जारी करने की शिकायत जांच में सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। जामनिक को साल भर पूर्व भी एक विवादस्पद मामले में निलंबित किया गया था।

इस तरह की गड़बड़ी

सुसडेगा व्यपवर्तन योजना के अनुबंध तहत अंतर्गत ठेकेदार द्वारा जमा की गई अतिरिक्त सुरक्षा निधि राशि रूपये 2.93.90.000/- (दो करोड़ तिरानवे लाख नब्बे हजार मात्र) उक्त अनुबंध की कंडिका 2.8.1 के प्रावधानों के विपरित, कार्य पूर्ण होने एवं पूर्णता प्रमाण-पत्र निर्गत होने के पूर्व ही जल संसाधन संभाग जशपुर में पदस्थ विजय जामनिक, तत्कालीन कार्यपालन अभियंता द्वारा ठेकेदार को जारी कर दिया गया।

IMG 20250821 WA0002 1

विभागीय अभिलेखों के परीक्षण उपरांत यह स्पष्ट हुआ कि विजय जामनिक, तत्कालीन कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग, जशपुर द्वारा उक्त एफ.डी.आर नं 1764903 राशि रूपये 1,46,95,000/- एवं एफडी आर.नं. 1764904 राशि रूपये 1.46.95.000/- की समय पूर्व वापसी की गई एवं ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया गया है।

कार्य भी पूरा नहीं हुआ..!

वर्तमान में इस अनुबंध के अंतर्गत कार्य की प्रगति मात्र 60 प्रतिशत है तथा ठेकेदार द्वारा कार्य पूर्णता की ओर कोई गंभीर प्रयास नहीं किया जा रहा है। अतः कार्य अपूर्ण रहने अथवा ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोडने की स्थिति में उक्त राशि विभाग द्वारा राजसात नहीं की जा सकेगी। समय पूर्व राशि जारी किए जाने से विभागीय हितों को क्षति पहुंची है तथा शासकीय निधि की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरती गई है जो कि वित्तीय अनियमितता एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

इसी के सन्दर्भ में विजय जामनिक को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।

बताते चलें कि जशपुर में पदस्थ ईई विजय जामनिक को पिछले वर्ष भी निलंबित कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना ट्रांसफर रुकवाने के लिए अपनी उम्र गलत बताई थी। मामले की जाँच के बाद उन्हें निलंबित किया गया था।