जांजगीर-चांपा के अकलतरा में घरेलू विवाद के दौरान पति की हैवानियत सामने आई है। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी पर तारपीन तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र के पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक एक का है। पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को घरेलू विवाद के दौरान लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव ने अपनी पत्नी पर तारपीन तेल डालकर माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
गंभीर हालत में महिला को अकलतरा से बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार रायपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





