Home KORBA बिलासपुर रेल जोन में पेयजल गुणवत्ता सबसे खराब, CAG रिपोर्ट ने खोली...

बिलासपुर रेल जोन में पेयजल गुणवत्ता सबसे खराब, CAG रिपोर्ट ने खोली पोल

0
26

 

बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में बिलासपुर रेल जोन का प्रदर्शन देश के 16 रेलवे जोन में सबसे खराब पाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 512 चयनित स्टेशनों पर पेयजल से जुड़े निर्धारित मानकों की जांच की गई, जिसमें SECR का कमी स्कोर 93.35 रहा। कमी स्कोर जितना अधिक होता है, व्यवस्था उतनी ही खराब मानी जाती है। वहीं दक्षिण मध्य रेलवे 17.53 के स्कोर के साथ सबसे बेहतर रहा। यात्री सुविधाओं के न्यूनतम मानकों में भी SECR का कमी स्कोर 106.6 रहा और जोन 16वें स्थान पर रहा। हालांकि दिव्यांगजन सुविधाओं के मामले में SECR ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में जोन का कमी स्कोर 20.97 रहा। CAG रिपोर्ट सामने आने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा कर सुरक्षित पेयजल व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। रेलवे की ओर से वाटर कूलरों समेत करीब 20 हजार स्थानों पर टैंक-टू-टैप जल फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा पानी की टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव के साथ स्रोत से आउटलेट तक पानी की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड स्तर से इसकी निगरानी और जवाबदेही भी तय की जाएगी। अब देखना होगा कि इन सुधारों के बाद बिलासपुर रेल जोन के यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सुविधा कब तक मिल पाती है।

 

 

error: Content is protected !!