Home छत्तीसगढ़ भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में उतरे डॉ. रमन सिंह, चुनाव आयोग से...

भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में उतरे डॉ. रमन सिंह, चुनाव आयोग से शिकायत करने की तैयारी में कांग्रेस…

0
112

ACN18.COM  रायपुर। राजनांदगाँव में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में शामिल होने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस चुनाव आयोग में शिकायत करने जा रही है. कांग्रेस ने रमन सिंह पर संवैधानिक पद की मर्यादा के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह के प्रचार पर आपत्ति जताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि डॉ. रमन सिंह को अपनी पद की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए. वे संवैधानिक पद पर हैं. इस तरह से खुलेआम पार्टी का प्रचार करना सीधा संवैधानिक पद की मर्यादा का उल्लंघन है. मामले में कांग्रेस के विधि विभाग का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को निर्वाचन आयोग में शिकायत करेगा.

वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि डॉ. रमन सिंह अध्यक्ष पद की क्या मर्यादा है, वह बेहतर समझते हैं. इसके बाद भी वो भाजपा का चुनाव प्रचार कर रहे हैं. ये संवैधानिक पद की मर्यादा का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे हुए व्यक्ति से अपेक्षा की जाती है कि वह पद की गरिमा का ख्याल रखे. लेकिन डॉ. रमन सिंह ने अपने आचरण से विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा को गिराया है.

उप मुख्यमंत्री साव ने किया पलटवार

डॉ. रमन सिंह पर कांग्रेस के आरोप पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के इस बयान से साफ होता है, उनके पास कोई मुद्दा नहीं है. विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस इस तरह के बयान दे रही है. कांग्रेस लोगों को भड़काने का काम करती है.

बता दें शुक्रवार को राजनांदगाँव में भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव और सभी पार्षदों के प्रचार के लिए विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह शामिल हुए थे.

error: Content is protected !!