भरत सिंह चौहान की रिपोर्ट
– चांपा क्षेत्र स्थित कुदरी बैराज में युवक के नदी में कूदने की आशंका के बीच लगभग 36 घंटे बाद गुरुवार सुबह युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों एक युवक के कुदरी बैराज में छलांग लगाने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद से प्रशासन, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
गुरुवार सुबह संतोष थवाईत चांपा,आरके यादव एवं छोटू यादव मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी के गहरे पानी से एक शव को तैरते हुए देखा। शव दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव की पहचान करने की प्रक्रिया भी की गई। सूत्रों के अनुसार मृत युवक चांपा के शंकर नगर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो पिछले करीब 36 घंटों से लापता था।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर मामला नदी में कूदने से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।




