Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में महिला की शिकायत के बाद विवाद गहराता जा रहा है। महिला ने राजा कश्यप के खिलाफ पहले ही अशोभनीय इशारे करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। अब आरोप है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर उसके भाई और परिवार को अलग-अलग शिकायतों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो को तोड़-मरोड़कर सामाजिक तनाव फैलाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। दरअसल, ग्राम खैरताल निवासी 27 वर्षीय सुल्ताना परवीन ने 12 अक्टूबर 2026 को राजा कश्यप के खिलाफ नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत धारा 79 बीएनएस में मामला दर्ज किया था। अब महिला का आरोप है कि इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के बाद उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें की जा रही हैं। साथ ही फोन पर हुई निजी बातचीत की रिकॉर्डिंग को संदर्भ से अलग कर प्रसारित करने और समाज के लोगों को भड़काने की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है। इन आरोपों को लेकर सुल्ताना परवीन ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, ऑडियो की तकनीकी जांच, एफआईआर में कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। देखना होगा कि महिला की शिकायत पर पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल पीड़िता ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग उठाई है।





