छत्तीसगढ़ के उभरते धावक अनिमेष कुजूर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उभरते धावक अनिमेष कुजूर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में उन्होंने 100 मीटर दौड़ महज 10.18 सेकेंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया गर्व
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अनिमेष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की मेहनत, समर्पण और जुनून युवाओं के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अनिमेष की सफलता यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ के युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
पहले भी बना चुके हैं रिकॉर्ड
अनिमेष कुजूर इससे पहले दक्षिण कोरिया में आयोजित एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। वहां उन्होंने 200 मीटर दौड़ 20.32 सेकेंड में पूरी कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। लगातार दो बड़े रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी शुभकामनाएं
प्रदेश के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने भी अनिमेष की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनिमेष ने अपने अनुशासन और कठिन परिश्रम से यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों और राज्यों से निकलने वाले खिलाड़ी भी दुनिया में भारत का परचम लहरा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अनिमेष की उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी और आने वाले समय में वे देश के लिए और भी बड़े मुकाम हासिल करेंगे।
युवाओं के लिए बन रहे प्रेरणास्रोत
अनिमेष कुजूर की इस सफलता ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी उपलब्धि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में एथलेटिक्स को नई दिशा दे सकती है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर अनिमेष अब देश के सबसे भरोसेमंद युवा स्प्रिंटर्स में गिने जाने लगे हैं




