Home छत्तीसगढ़ वाराणसी एयरपोर्ट के अंदर चली गोली, महिला समेत 2 घायल; आजमगढ़ से...

वाराणसी एयरपोर्ट के अंदर चली गोली, महिला समेत 2 घायल; आजमगढ़ से मुंबई जा रहा था यात्री

0
5

वाराणसी। वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। फायरिंग की घटना में महिला यात्री समेत दो लोग घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्री इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। यात्री आजमगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है और वह एयर इंडिया की फ्लाइट से वाराणसी से मुंबई जाने वाला था। उसके पास पिस्टल और मैगजीन थी। बताया जा रहा है कि यात्री ने अपने पास मौजूद असलहे को पहले से डिक्लेयर किया था।

सुरक्षा जांच के दौरान चली गोली

गोली चलने के बाद मौके पर मौजूद CISF जवान और एयरपोर्ट अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

पुलिस और इंटेलिजेंस टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एयरपोर्ट प्रशासन और इंटेलिजेंस की टीमें सक्रिय हो गईं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। संबंधित यात्री से भी पूछताछ की जा रही है कि सुरक्षा जांच के दौरान उसकी पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली।

फिलहाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।