बालोद: जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झलमला से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। झलमला स्थित ‘बैद्यनाथ दवाखाना’ में साइटिका का इलाज कराने आई एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने दवाखाना संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इलाज के दौरान बंद कमरे में अश्लील हरकत पीड़ित महिला साइटिका की समस्या का इलाज कराने दवाखाना पहुंची थी। महिला का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर हेमशंकर साहू ने इलाज के बहाने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ छेड़छाड़ तथा अश्लील हरकतें करने लगा।
खिड़की का कांच पीटकर मांगी मदद महिला ने जब आरोपी की करतूत का विरोध किया, तो उसने उसे छोड़ने से इंकार कर दिया। अपनी सुरक्षा के लिए महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कमरे की खिड़की का कांच पीटना शुरू कर दिया और जोर-जोर से चिल्लाकर बाहर खड़े परिजनों से मदद मांगी। खिड़की पीटने और परिजनों के अलर्ट होने के बाद घबराकर आरोपी ने कमरे का दरवाजा खोला।
डायल 112 पर सूचना, BNS की धाराओं में मामला दर्ज घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस को पूरी आपबीती बताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर हेमशंकर साहू को हिरासत में ले लिया।
बालोद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और धारा 75(2) (लैंगिक उत्पीड़न) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






