सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का खुलासा किया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोटगवां में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 किलो 305 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में था।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ाया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम गोटगवां क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।





