
धमतरी पुलिस ने कुरूद, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 17 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की पुलिस लगातार जुआ-सट्टा खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं इस दोरान पुलिस ने कार्रवाई कर कुरूद, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 17 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए जुआरियों के पास से 1लाख 100 रूपए नगद, 5 मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन और 52-52 पत्ती ताश जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 5.71 लाख रूपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामसागर तालाब के पास दबिश देकर पुलिस ने 35वर्षीय प्रीतम चंद्राकर, निवासी बजरंग चौक कुरूद, 25 वर्षीय दीनू बैस, निवासी कुरूद, 40 वर्षीय रवेंद्र कुमार सारथी, निवासी इंदिरा नगर कुरूद, 23 वर्षीय भावेश कुमार साहू, निवासी उमरदा, 46 वर्षीय प्रकाश साहू, निवासी गांधी चौक कुरूद, 26 वर्षीय देवाशीष माणिकपुरी, निवासी गांधी चौक कुरूद, 28 वर्षीय खिलेन्द्र साहू, निवासी कलारपारा कुरूद को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 93 हजार 2सौ रुपये नगद, 5मोटरसाइकिल, सात मोबाइल और ताश की गड्डी बरामद हुई। इस संबंध में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) में मामला दर्ज किया गया।
अलग-अलग स्थानों से 10 जुआरी रंगे हाथ पकड़ाए
थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मोहंदी अटल चौक के पास जुआ खेल रहे अलाउद्दीन खान, हरिचंद खुंटे, कुलदीप रात्रे और नरेश निषाद को गिरफ्तार कर 3,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की। वहीं थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम भेजरी रावण में स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे सुलेश्वर नेताम, मनीष सिन्हा, राजेंद्र साहू, खिलेश्वर साहू, भोला देवांगन एवं त्रिलोक नेताम को गिरफ्तार कर 3,700 रुपये नगद और ताश की गड्डी बरामद की। दोनों मामलों में भी छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि, जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी






