“आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से बुधवार सुबह भारत का सबसे वजनदार ‘बाहुबली’ रॉकेट LVM3-M6 (लॉन्च व्हीकल मार्क3-M6) सुबह 8:55:30 लॉन्च हो गया है। यह मिशन इसरो और अमेरिकी कंपनी AST स्पेसमोबाइल के बीच एक कॉमर्शियल समझौते का हिस्सा है।”
“इसके तहत इसरो ने LVM3-M6 रॉकेट से ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट को लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) में भेजा है। यह नेक्स्ट जेनरेशन का कम्युनिकेशन सैटेलाइट है, जिसे दुनिया भर में सीधे स्मार्टफोन तक हाई-स्पीड सेल्युलर ब्रॉडबैंड सेवा पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है।”
“इससे 4G और 5G वॉयस कॉल, वीडियो कॉल, मैसेजिंग और डेटा सेवाएं दुनिया के किसी भी हिस्से में उपलब्ध कराई जा सकेंगी। किसी भी स्मार्टफोन के जरिए अंतरिक्ष से सीधे कॉल की जा सकेंगी। हालांकि अभी तो प्लेन में बैठकर भी कॉल नहीं कर सकते क्योंकि यह नेविगेशन सिस्टम पर असर डालता है।”
“LVM3-M6 रॉकेट को 90 सेकेंड देरी से किया गया। इसे पहले सुबह 8:54 बजे लॉन्च किया जाना था। इसरो के अनुसार, श्रीहरिकोटा के स्पेस एरिया के ऊपर हजारों एक्टिव सैटेलाइट लगातार गुजर रहे थे। अन्य सैटेलाइट के साथ टकराव की आशंका को देखते हुए मिशन का लॉन्च समय 90 सेकेंड बढ़ाया गया। ”
“6,100 किलोग्राम का ब्लूबर्ड ब्लॉक-2, LVM3 रॉकेट के जरिए लो अर्थ ऑर्बिट में भेजा जाने वाला अब तक का सबसे भारी पेलोड होगा। इससे पहले सबसे भारी पेलोड LVM3-M5 कम्युनिकेशन सैटेलाइट 03 था, जिसका वजन करीब 4,400 किलोग्राम था। इसे नवंबर 2024 में GTO में लॉन्च किया गया था।”
“भारी भरकम वजन के चलते, पब्लिक और मीडिया ने लोकप्रिय फिल्म बाहुबली से प्रेरित होकर इसरो के LVM3 को ‘बाहुबली रॉकेट’ नाम दिया है। LVM3 रॉकेट इससे पहले चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 और OneWeb के दो मिशनों को सफलतापूर्वक लॉन्च कर चुका है, जिनमें कुल 72 सैटेलाइट ऑर्बिट में स्थापित किए गए थे।”
“इसरो के मुताबिक, 43.5 मीटर ऊंचा LVM3 रॉकेट तीन चरणों वाला है और इसमें क्रायोजेनिक इंजन का इस्तेमाल किया गया है। रॉकेट को लिफ्ट-ऑफ के लिए दो S200 सॉलिड बूस्टर थ्रस्ट देते हैं। लॉन्च के करीब 15 मिनट बाद सैटेलाइट के रॉकेट से अलग होने की उम्मीद है।”
“AST स्पेसमोबाइल पहले ही सितंबर 2024 में ब्लूबर्ड-1 से 5 सैटेलाइट लॉन्च कर चुका है। कंपनी का दावा है कि उसने दुनियाभर में 50 से ज्यादा मोबाइल ऑपरेटर्स के साथ साझेदारी की है और आगे भी इसी तरह के सैटेलाइट लॉन्च किए जाएंगे।”




