अंबिकापुर। होमगार्ड विभाग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त एक कमांडेंट का महिला से कथित व्हाट्सएप्प चैट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले ने विभाग की कार्यप्रणाली और आंतरिक विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल चैट करीब एक माह पुराना है, जिसमें महिला होमगार्ड से कथित रूप से अश्लील बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, कमांडेंट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया है।
कमांडेंट का कहना है कि उन्हें हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की गई है। उन्होंने आशंका जताई कि यह साजिश किसी अज्ञात होमगार्ड जवान द्वारा रची गई हो सकती है, जिसे उन्होंने पूर्व में अनुशासनहीनता के चलते बर्खास्त किया था।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान शराब पीकर आने वाले जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी, जिसके बाद से कुछ लोग उनके खिलाफ नाराज थे।




