Acn18. Com.छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला सिर्फ अपनी गगनचुंबी चिमनियों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध पौराणिक गाथाओं के लिए भी जाना जाता है। सदियों पहले त्रेतायुग में भगवान श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण ने अपने वनवास काल के दौरान इन ऊंचे पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में विश्राम किया था और वनवासियों से संवाद किया था। इसी पावन और चमत्कारी स्थल ‘राम कचहरी’ पर नगर निगम कोरबा की ओर से एक भव्य और अद्भुत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास आयोजन में शिरकत करने पहुंचे फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय अभिनेता शोभनव सत्य!फुटका पहाड़ पहुंचने पर अभिनेता शोभनव सत्य सबसे पहले इस रमणीय स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान से बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। उन्होंने नई प्रतिमा को सिंदूर चढ़ाकर नमन किया।
उन्होंने कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडे के साथ उस ऐतिहासिक स्थल का भी दर्शन किया, जिसे ‘राम कचहरी’ के नाम से जाना जाता है।
यहाँ बने एक छोटे से मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के सुंदर विग्रह स्थापित हैं, जहाँ नियमित रूप से स्थानीय वनवासी बंधु पूजा-पाठ करते हैं। इस स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यहाँ के प्राकृतिक चमत्कार हैं। यहाँ एक ऐसा वृक्ष मौजूद है जिसकी छाल हटाने पर उससे प्राकृतिक रूप से सिंदूरी रंग निकलता है। इतना ही नहीं, यहाँ एक ऐसा विशेष पत्थर भी है, जिस पर हल्की चोट करने से मंदिर की घंटी जैसी गूंज सुनाई देती है। इन अनोखे रहस्यों और प्राकृतिक सुंदरता को देखकर अभिनेता शोभनव सत्य बेहद अभिभूत और प्रफुल्लित नजर आए।
नगर निगम कोरबा के इस अनूठे प्रयास और फिल्मी जगत की हस्तियों के यहाँ पहुँचने से इस पावन स्थल को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। वनवासियों की गहरी आस्था और प्रकृति के इस अनोखे संगम ‘राम कचहरी’ को संवारने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी हमारी इस महान पौराणिक विरासत से जुड़ सकें।





