Acn18. Com.कोरबा के केंदई रेंज के चोटिया में नेशनल हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक लोनर हाथी सड़क पर पहुंच गया। हाथी को देखकर लोग वीडियो और सेल्फी बनाने के लिए उसके बेहद करीब पहुंच गए।
लोगों को पास आता देख हाथी अचानक आक्रामक हो गया और भीड़ की तरफ दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख लोग जान बचाकर भागने लगे और कुछ ही सेकंड में हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बांसबाड़ी होने के कारण हाथी अक्सर भोजन की तलाश में यहां पहुंचते हैं। वहीं, केंदई रेंज में करीब 32 हाथियों का झुंड घूम रहा है, जिसमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है। वन विभाग के मुताबिक, झुंड से अलग रहने के कारण यह लोनर हाथी ज्यादा आक्रामक हो सकता है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सायरन बजाकर हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा। वन विभाग लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहा है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाकर सेल्फी या वीडियो न बनाएं। शोर न मचाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि लोनर हाथी अचानक आक्रामक हो सकता है।









