Home Uncategorized होली में करवट ले सकता है मौसम:6 से 8 मार्च तक कुछ...

होली में करवट ले सकता है मौसम:6 से 8 मार्च तक कुछ जगहों पर पड़ सकती है बौछारें,38.9 डिग्री के साथ सारंगढ़ सबसे गर्म

0
110

acn18.com रायपुर/ प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को अच्छी गर्मी पड़ी। अधिकतम तापमान बढ़ने के कारण दिन में धूप चुभने लगी। एक-दो जगहों पर टेंपरेचर सामान्य से छह डिग्री तक ऊपर पहुंच गया। अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में समुद्र से आने वाली हवा के कारण सोमवार को एक-दो जगह बारिश होने की संभावना है।

7 और 8 मार्च को गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। प्रदेश में आसमान साफ है और मौसम शुष्क है। इस वजह से दिन के तापमान में वृद्धि हुई। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री तक पहुंच गया। यह इस साल मार्च में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। शुक्रवार को पारा 36.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था।

मौसम विभाग से जारी प्रदेश के पांच शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान।
मौसम विभाग से जारी प्रदेश के पांच शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान।

यानी 24 घंटे में लगभग एक डिग्री की वृद्धि हो गई। शनिवार को तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक था। सुबह हवा में आर्द्रता 46 फीसदी के आसपास थी, लेकिन शाम तक यह गिरकर 18 फीसदी के आसपास पहुंच गई। पिछले 24 घंटे में तापमान में वृद्धि के साथ आर्द्रता (वातावरण में नमी) में कमी आई है। बिलासपुर में भी आज अच्छी गर्मी पड़ी।

यहां भी दोपहर को पारा अधिकतम 37 डिग्री तक पहुंच गया। बिलासपुर के अलावा उत्तरी छत्तीसगढ़ में पेंड्रारोड और अंबिकापुर में भी तेज गर्मी पड़ी। प्रदेश में आज भी सबसे ज्यादा गर्म सारंगढ़ रहा। यहां तापमान 38.9 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में गर्मी बनी रहेगी। रायपुर में दिन का तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

4-5 मार्च को मौसम शुष्क

मौसम विभाग के अगले पांच दिनों के जारी पूर्वानुमान के अनुसार 4 और 5 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा। 6, 7 और 8 मार्च को एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 7 व 8 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है।