Home छत्तीसगढ़ रोहरा ब्रदर्स ने किराना व्यापारी से 48.90 लाख ठगे:जमीन में निवेश से...

रोहरा ब्रदर्स ने किराना व्यापारी से 48.90 लाख ठगे:जमीन में निवेश से रकम दोगुनी करने का झांसा दिया, परिवार समेत दुबई भागे

0
4

Acn18.com/बिलासपुर में रोहरा ब्रदर्स सुनील और मनीष रोहरा पर किराना व्यापारी से 48.90 लाख रुपए की ठगी करने का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने जमीन में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया।

जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच व्यापारी से 29.10 लाख रुपए कैश और 19.80 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में परिवार समेत दुबई चले गए।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस 7 दिन पहले ही रोहरा ब्रदर्स के घर से 25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर चुकी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।दीपक भगतानी की 2020 में सुनील और उसके भाई मनीष से दोस्ती हुई थी।

2020 से थी दोस्ती, सट्टे के कारोबार से जुड़े

दीपक भगतानी (36) कतियापारा में किराना दुकान चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि श्रीराम क्लॉथ मार्केट स्थित संस्कृति गारमेंट के संचालक सुनील और मनीष रोहरा से उसकी दोस्ती साल 2020 से थी। कुछ समय बाद तीनों सट्टे के कारोबार से जुड़ गए।

दीपक के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में दोनों भाइयों ने अपनी मोटी कमाई और नई प्रॉपर्टी का दिखावा किया। अपना रसूख बताकर उन्होंने दीपक को निवेश के लिए तैयार किया।

आरोपियों ने ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीन खरीदने में पैसा लगाने और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया।

1 साल बाद भी नहीं लौटाए पैसे, परिवार समेत दुबई गए

दीपक ने बताया कि निवेश करने के एक साल बाद भी उसे रकम नहीं मिली। उसने दोनों भाइयों से अपने पैसे वापस मांगे तो वे अलग-अलग बहाने बनाने लगे। कभी जमीन में पैसे फंसे होने, कभी शेयर मार्केट तो कभी सट्टे में रकम लगे होने की बात कहकर उसे टालते रहे।

इसके बाद दोनों भाई परिवार समेत दुबई चले गए। दीपक ने कई बार रकम वापस पाने की कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं मिले। आखिरकार उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मनीष और रोहित 1 साल बाद भी पैसे नहीं लौटाएं और परिवार के साथ दुबई चले गए।
मनीष और रोहित 1 साल बाद भी पैसे नहीं लौटाएं और परिवार के साथ दुबई चले गए।

रिश्तेदारों के बैंक खातों में भी मंगाए पैसे

पुलिस को दी गई शिकायत और दस्तावेजों के मुताबिक, जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से पैसे लिए। उन्होंने अपने बैंक खातों के साथ पत्नी, साले और मौसेरे भाई के खातों का भी इस्तेमाल किया।

31 जुलाई 2025 को मनीष की पत्नी नेहा रोहरा के खाते में RTGS/NEFT के जरिए 4 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके अलावा अलग-अलग तारीखों में अन्य खातों में भी रकम भेजी गई। बड़ी रकम हंसा विहार स्थित फ्लैट की पार्किंग में कैश ली गई।

29.10 लाख कैश और 19.80 लाख बैंक खातों में दिए

दीपक की शिकायत के मुताबिक, नेहा रोहरा के खाते में 4 लाख, हेमंत नरवानी के खाते में 4 लाख, मनीष रोहरा के खाते में 3 लाख और सुनील रोहरा के खाते में 1 लाख रुपए जमा कराए गए।

इसके अलावा मौसेरे भाई देवेश लाहेजा के खाते में 50 हजार, परमेश्वर देवांगन के खाते में 21 हजार और अन्य खातों में 2 लाख रुपए जमा किए गए। वहीं, कैश में हंसा विहार स्थित फ्लैट की पार्किंग में मनीष को दो बार में 15 लाख और सुनील को 5.10 लाख रुपए दिए।

इसके अलावा दुकान में 3 लाख और शैलेन्द्र शिंदे के जरिए 6 लाख रुपए कैश दिए गए। इस तरह कुल 29.10 लाख रुपए कैश देने की बात शिकायत में कही गई है।

आकाश गोगा को बताया बड़ा निवेशक, परिवार से भी लगवाए पैसे

आरोपियों ने अपने परिचित आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जज्ञासी को बड़ा रियल एस्टेट निवेशक बताया। उनके जरिए करोड़ों रुपए का मुनाफा दिलाने का लालच दिया।

आरोपियों ने एक नंबर और दो नंबर में रकम दोगुनी करने की बात कहकर दीपक को अपने परिवार और परिचितों से भी पैसा लगवाने के लिए उकसाया। सट्टे के एक अन्य मामले में पुलिस आकाश गोगा की तलाश कर रही है।

IPL में सट्टा खिलाते पकड़ा गया था दीपक

किराना व्यापारी दीपक भगतानी को कोतवाली पुलिस ने IPL के लाइव मैच में सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। पूछताछ में उसने शहर के एक रसूखदार व्यक्ति के जरिए सट्टे की आईडी मिलने की बात कही थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों के खिलाफ कार्रवाई की थी।

जांच का दायरा बढ़ने पर पुलिस सट्टे के कारोबार से जुड़े रोहरा ब्रदर्स सुनील और मनीष रोहरा तक पहुंची। सात दिन पहले ही पुलिस ने उनके घर से करीब 25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। इसमें कई बेशकीमती प्रॉपर्टी के दस्तावेज, महंगी घड़ियां और सोने के आभूषण शामिल हैं।

error: Content is protected !!