Acn18. Com.कोरबा जिले में चक्रवात के असर से पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच एसईसीएल कुसमुंडा खदान से प्रभावित परिवारों की बसाहट में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कनकी रोड स्थित जोड़ा पुल के पास पहाड़ की मिट्टी धंसने से निर्माणाधीन मकान क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं एक झोपड़ी भी इसकी चपेट में आ गई। घटना के वक्त झोपड़ी में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया।पहाड़ से मिट्टी का मलबा खिसकने के बाद निर्माणाधीन मकान के गड्ढों में पानी भर गया है। इस घटना से प्रभावित परिवारों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि पाली, पडनिया, जटराज और सोनपुरी गांव के परिवारों को जमीन अधिग्रहण के बाद अलग-अलग स्थानों पर बसाहट तो दे दी गई, लेकिन बिजली, पानी और मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।लोगों ने बिजली के खंभों से अस्थायी कनेक्शन लेने और जलभराव के कारण बड़े हादसे की आशंका जताई है। प्रभावितों ने अब कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग करने की बात कही है।





