दुर्ग: भारतीय जनता पार्टी ने अपने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में छत्तीसगढ़ को अहम प्रतिनिधित्व मिला है और दुर्ग ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक ललित चंद्राकर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ से ही खम्हन ताम्रकार को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य का दायित्व सौंपा गया है।
2023 में कांग्रेस के दिग्गज नेता को हराकर मिली थी पहचान
दुर्ग जिले के कोलिहापुरी गांव के रहने वाले ललित चंद्राकर वर्ष 1994 से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव जीतकर विधायक का पद संभाला, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू को 16,642 मतों के अंतर से पराजित किया था।
सामाजिक व संगठनात्मक समीकरण साधने की कवायद
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, दुर्ग जिले और कुर्मी समाज से आने वाले ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी देकर भाजपा ने ओबीसी वर्ग और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने का संदेश दिया है। नियुक्ति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।





