Acn18. Com. भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा जिले में पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने फरार पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि पति दहेज और पैसों की मांग को लेकर पत्नी को लगातार प्रताड़ित करता था। शराब पीने और अपनी जरूरतों के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट करता और उसके चरित्र पर भी संदेह जताता था।
लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी श्रद्धा पटेल ने आत्महत्या कर ली थी। उसका शव जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम बिरगहनी में बंधवा तालाब के पास नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। परिजनों के बयान और पुलिस जांच के आधार पर पति लव कुमार पटेल उर्फ मोटन के खिलाफ धारा 80(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था। करीब छह महीने बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे अकलतरा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





