Acn18. Com.कोरबा जिले के कुसमुंडा कोयलांचल क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रेम नगर में खोलार नाले से लगे रेलवे ट्रैक के पास मगरमच्छ का एक बच्चा दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्र के पार्षद प्रेम साहू ने मगरमच्छ के बच्चे को पकड़कर एक बोरे में रखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक और मगरमच्छ देखा गया था, लेकिन वह मृत अवस्था में मिला था। लगातार मगरमच्छ दिखाई देने से प्रेम नगर सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रिहायशी इलाके और रेलवे ट्रैक के पास मगरमच्छ कहां से पहुंच रहे हैं? स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों को भी नाले और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की जरूरत है।





