Acn18. Com.भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा जांजगीर-चांपा में कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक ब्यास कश्यप और पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।प्रेसवार्ता में विजय जांगिड़ ने चुनाव आयोग पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं, जबकि छत्तीसगढ़ के 19 लाख मतदाताओं के नाम कहां गए, इसका जवाब अब तक नहीं मिला है। महाराष्ट्र चुनाव का हवाला देते हुए उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। जांगिड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने ऐलान किया कि अब गांव-गांव जाकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा और उन्हें वोट रक्षक बनाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह अभियान मताधिकार की रक्षा के लिए जनआंदोलन का रूप लेगा।





