Home छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित : 11 अक्टूबर को होने वाली थी परीक्षा,...

शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित : 11 अक्टूबर को होने वाली थी परीक्षा, छप चुके हैं 65 हजार प्रश्नपत्र, बनाए गए थे 250 केंद्र

0
5

रायपुर। हाईकोर्ट के निर्णय पश्चात 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इस परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी छग कर्मचारी चयन मंडल पर थी। मंडल ने तैयारी पूरी कर ली थी। 21 अगस्त तक इसके लिए आवेदन मंगाए गए थे। जानकारी के अनुसार, निर्धारित अवधि तक मंडल को लगभग 65 हजार आवेदन प्राप्त हुए। इन परीक्षार्थियों के लिए प्रदेशभर में 250 केंद्र बनाए गए राजधानी रायपुर में 20 परीक्षा केंद्र इस परीक्षा के लिए निर्धारित किए जा चुके थे।

इन केंद्रों में बैठक व्यवस्था से लेकर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति सहित अन्य सभी प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी थीं। चूंकि अब परीक्षा स्थगित कर दी गई है, इसलिए ये तैयारियां व्यर्थ हो गई हैं। गौरतलब है कि,  छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती वर्ष 2026 के अंतर्गत 2,292 पदों के लिए संक्षिप्त विज्ञापन 16 अप्रैल को जारी किया गया था। इसके पश्चात 24 जुलाई को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया। इसी दिन ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई।

अंतिम निर्णय पश्चात ही नई तिथि
65 हजार परीक्षार्थियों के लिए कर्मचारी चयन मंडल प्रश्नपत्र छाप चुका है। इन प्रश्नपत्रों का अब क्या किया जाएगा, इससे संबंधित जानकारी साझा नहीं की गई है। क्योंकि इसे गोपनीय कार्य के अंतर्गत रखा जाता है। इसके प्रवेशपत्र भी कर्मचारी चयन मंडल अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर चुका है। न्यायालय के निर्णय पश्चात परीक्षा स्थगित किए जाने संबंधित अधिसूचना मंडल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट में अपलोड कर दी है। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा नई अथवा संभावित तिथि फिलहाल जारी नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, अंतिम निर्णय आने के पश्चात ही नई तिथि घोषित होगी।

बाद में चिह्नांकित हुई दृष्टिबाधित ‘बी’ श्रेणी
पूरे मामले पर स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा, समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में विभिन्न विभागों के पदों के लिए दिव्यांगता की चिहनांकित श्रेणियों का उल्लेख किया गया था। उक्त अधिसूचना के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी का चिह्नांकन नहीं किया गया था। इसी आधार पर भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में दिव्यांगता के आरक्षित पदों का निर्धारण किया गया तथा पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल नहीं किया गया। इसके बाद समाज कल्याण विभाग द्वारा 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की गई, जिसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को भी शामिल किया गया। संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले सहायक शिक्षक भर्ती का संक्षिप्त एवं विस्तृत विज्ञापन जारी किया जा चुका था और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। ऐसी स्थिति में संशोधित अधिसूचना के आधार पर पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना विधिक एवं व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था।

error: Content is protected !!