
कोरबा : विधानसभा चुनाव के लिए ढाई साल बाकी है। इस बात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कोरबा के अधिकारियों और कर्मियों ने लंबित मांग को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाना तेज किया है। कुल 18 मांग को लेकर उन्होंने नगर निगम के सामने प्रदर्शन किया।

नगरी निकाय कर्मचारी संघ के तत्वाधान में यह धरना प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर यहां पर नारेबाजी की। इसके माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गई। कोरबा क्षेत्र के महामंत्री अरुण मिश्रा ने बताया कि सभी क्षेत्रों में निकायों से संबंधित मसले को लेकर हमारा प्रदर्शन हो रहा है। पदोन्नति के साथ प्लेसमेंट कर्मियों के लिए किए गए वादे को पूरा करना प्रदर्शन का हिस्सा है। कार्यपालन अभियंता और संगठन के पदाधिकारी अखिल शुक्ला ने बताया कि 2005 में पुरानी पेंशन बंद करने के साथ नई पेंशन योजना लागू की गई है जिससे अधिकारियों कर्मियों को नुकसान हो रहा है। पदोन्नति के बहुत सारे मामले अटके हुए हैं उन्हें पूरा करना जरूरी है। 18 मांगों के लिए हमने प्रदर्शन किया है। नगरी निकाय कर्मचारी संघ को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनसे जुड़ी मांगों को गंभीरता से लेने के साथ पूरा करने की दिशा में काम करेगी ताकि कर्मचारी के सामाजिक और आर्थिक हितों का संरक्षण हो सके।





