Acn18. Com भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम महूदा (च) की प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक की कथित लगातार गैरहाजिरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल खुलने का समय सुबह 10 बजे है, लेकिन प्रधान पाठक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते। हालात ये हैं कि स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी में बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक प्रधान पाठक कई बार दोपहर 12 बजे के बाद स्कूल पहुंचते हैं और करीब 4 बजे बच्चों की छुट्टी कर जांजगीर स्थित अपने घर चले जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक की नियमित गैरहाजिरी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल की शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत और खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।





