Home छत्तीसगढ़ उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा में दिखा उत्साह, जिले के 1909 शिक्षार्थियों ने...

उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा में दिखा उत्साह, जिले के 1909 शिक्षार्थियों ने दी परीक्षा

0
9

तीनों विकास खंडों के 201 परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई महापरीक्षा

रायपुर, 28 सितंबर 2026

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित नवभारत साक्षरता महापरीक्षा जिले में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिले के तीनों विकासखंडों मनेन्द्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शिक्षार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ महापरीक्षा में सहभागिता की। जिले में महापरीक्षा के लिए कुल 201 परीक्षा केंद्रों पर 2042 शिक्षार्थियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 1909 शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। महापरीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई तथा शिक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं मैदानी अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई।

खड़गवां में सर्वाधिक 845 शिक्षार्थियों ने दी परीक्षा, मनेन्द्रगढ़ में 497 और भरतपुर में 567 की सहभागिता

जिले में आयोजित महापरीक्षा में विकासखंडवार भी उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के 92 परीक्षा केंद्रों में 527 शिक्षार्थियों का पंजीयन हुआ, जिसमें 497 शिक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। खड़गवां विकासखंड के 72 परीक्षा केंद्रों में 922 शिक्षार्थियों का पंजीयन किया गया, जिनमें 845 शिक्षार्थियों ने महापरीक्षा दी। वहीं भरतपुर विकासखंड के 37 परीक्षा केंद्रों में 593 शिक्षार्थियों का पंजीयन हुआ और 567 शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस प्रकार जिलेभर में कुल 201 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 2042 शिक्षार्थियों में से 1909 ने परीक्षा देकर साक्षरता की दिशा में अपने सीखने के सफर को आगे बढ़ाया।

महापरीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर शिक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवी शिक्षकों और मैदानी अमले ने परीक्षा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने से उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रति जिले में दिखाई दे रही सामूहिक सहभागिता और जागरूकता भी सामने आई।

कलेक्टर ने कहा – साक्षरता आत्मविश्वास, जागरूकता और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने नवभारत साक्षरता महापरीक्षा के सफल आयोजन पर जिले के सभी शिक्षार्थियों, स्वयंसेवी शिक्षकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में आत्मविश्वास, जागरूकता और आत्मनिर्भरता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से जिले में साक्षरता के प्रसार को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है और महापरीक्षा में बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों की सहभागिता इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों से कहा कि महापरीक्षा के बाद भी शिक्षार्थियों को निरंतर सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा उन्हें दैनिक जीवन में पढ़ने-लिखने और गणना के ज्ञान का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि साक्षरता का वास्तविक लाभ उनके जीवन में दिखाई दे। वहीं जिला प्रशासन ने महापरीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षार्थियों, स्वयंसेवी शिक्षकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!