Acn18. Com. बस्तर में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के बीच वायुसेना ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है। डोंगाघाट में बाढ़ में फंसे 18 लोगों को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें मासूम बच्चे और दूधमुहे बच्चे के साथ फंसी एक महिला भी शामिल थी।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए। डोंगाघाट क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी घरों में घुस गया और कई ग्रामीण छतों पर फंस गए।
हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। रविवार को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। वायुसेना के जांबाजों ने बाढ़ के बीच फंसे 18 नागरिकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया।
रेस्क्यू के दौरान एक मासूम बच्चे और अपने दूधमुहे बच्चे के साथ फंसी महिला को भी सुरक्षित निकाला गया। बच्चे के रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल बस्तर में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और बाढ़ का पानी उतरने लगा है। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित शिविरों तक पहुंचाने का काम लगातार जारी है।





