Acn18. Com.कोरबा जिले के पसान थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ छेड़छाड़ का आरोपी आखिरकार तीन दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी खीरचंद को पुलिस ने आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।दरअसल, 22 सितंबर को पसान पुलिस ने छेड़छाड़ के पुराने मामले में आरोपी खीरचंद को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी था। थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी शौचालय जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दिन के समय जंगल में छिपता था और रात करीब 11 बजे चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता था। सुबह करीब 3 बजे वह दोबारा जंगल चला जाता था।
इसी बीच मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रात में अपने घर आने वाला है। सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने 25 सितंबर की आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर दी और भागने का मौका दिए बिना खीरचंद को गिरफ्तार कर लिया।
तीन दिन तक जंगल में छिपकर पुलिस को चकमा देने वाला आरोपी आखिरकार अपने ही घर में पुलिस के जाल में फंस गया। पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।





