Acn18. Com जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र से युवती का पीछा कर अश्लील टिप्पणी और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पामगढ़ पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झिलमिली निवासी 21 वर्षीय धीरेंद्र खांडेकर लगातार उसका पीछा करता था। आरोप है कि आरोपी रास्ते में अश्लील कमेंट करने के साथ युवती से छेड़छाड़ भी करता था।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 398/26 दर्ज कर BNS की धारा 74, 75(2), 78 और 79 के तहत कार्रवाई शुरू की।
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर ग्राम झिलमिली में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पामगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की बात कही है।









